Tuesday, February 10, 2026

PARAKH–NCERT द्वारा “उद्यम संसार : वर्ल्ड ऑफ वर्क” पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के अंतर्गत PARAKH द्वारा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (SCERT) उत्तराखंड के सहयोग से “उद्यम संसार : वर्ल्ड ऑफ वर्क (WoW)” पहल के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला का पी.एम.श्री राजकीय इंटर कालेज आई.डी.पी.एल. ऋषिकेश में दिनांक 09 एवं 10 फरवरी 2026 को सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों को कार्य-जगत की समझ प्रदान करना, कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना तथा उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना था।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में PARAKH की सीईओ प्रो. इंद्राणी भादुड़ी ने वीडियो सन्देश के माध्यम से मुख्य वक्तव्य देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता से भी जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला के प्रथम दिन PARAKH टीम द्वारा “उद्यम संसार : वर्ल्ड ऑफ वर्क” पहल का परिचय दिया गया। विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल्स और हार्ड स्किल्स, 4Cs (क्रिटिकल थिंकिंग, क्रिएटिविटी, कोलैबोरेशन और कम्युनिकेशन) तथा 36 कौशल क्षेत्रों की जानकारी गतिविधियों के माध्यम से दी गई। छात्रों ने चार्ट्स के माध्यम से विभिन्न कौशल क्षेत्रों का अन्वेषण किया और सक्रिय सहभागिता दिखाई।

द्वितीय दिन विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मूल अवधारणाओं से परिचित कराया गया तथा उनसे जुड़े प्रश्नों पर चर्चा की गई। इसके पश्चात छात्रों ने समूहों में कार्य करते हुए 36 कौशल क्षेत्रों पर चार्ट तैयार किए और व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लिया। कार्यशाला के अंतिम सत्र में विद्यार्थियों ने अपने-अपने चार्ट्स प्रस्तुत किए, जिससे उनकी समझ, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल में वृद्धि देखने को मिली।

यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई, क्योंकि इससे उन्हें कार्य-जगत, कौशल आधारित करियर विकल्पों तथा भविष्य की संभावनाओं की स्पष्ट समझ प्राप्त हुई। “उद्यम संसार : वर्ल्ड ऑफ वर्क” पहल के माध्यम से PARAKH–NCERT देश में कौशल उन्मुख एवं अनुभवात्मक शिक्षा को एक नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में परख, एन.सी.ई.आर.टी. नई दिल्ली के दो संदर्भदाताओं द्वारा सत्रों का सुव्यवस्थित संचालन किया गया । उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्रों के माध्यम से करियर योजना, उद्योगों की बदलती प्रवृत्तियों और निर्णय लेने की प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। कार्यक्रम का राज्य स्तर पर समन्वयन डॉ. दीपक प्रताप सिंह एवं डॉ, रंजन कुमार भट्ट द्वारा किया गया । एस.सी.ई.आर.टी. से प्रिया गुसाई भी कार्यशाला में उपस्थित रही । पी.एम.श्री राजकीय इंटर कालेज आई.डी.पी.एल. ऋषिकेश से राजीव लोचन सिंह, प्रधानाचार्य, श्री डी.पी,नैथानी, हरेंद्र राणा ने कार्यशाला में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।