Monday, February 09, 2026

SCERT के सभागार में “परीक्षा पे चर्चा 2026” का दूसरा एपिसोड लाइव प्रसारण

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड के सभागार में “परीक्षा पे चर्चा 2026” के दूसरे एपिसोड का सीधा प्रसारण अत्यंत उत्साह और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए परीक्षा से जुड़े तनाव, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और जीवन मूल्यों पर दिए गए विचारों को SCERT परिवार ने एक साथ देखा और सुना।

कार्यक्रम में निदेशक (अकादमिक) बन्दना  गर्ब्याल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ SCERT के सभी अधिकारीगण एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सभागार में उपस्थित सभी शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेशों को गहरी एकाग्रता के साथ सुना और उन्हें शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में उपयोगी बताया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संवाद में यह स्पष्ट किया कि परीक्षा जीवन का एक पड़ाव मात्र है, लक्ष्य नहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्ममंथन, सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास के महत्व पर बल दिया। शिक्षकों के लिए यह संदेश विशेष रूप से प्रेरक रहा कि वे विद्यार्थियों को केवल परीक्षा-केंद्रित नहीं, बल्कि जीवन-केंद्रित शिक्षा दें।

इस पूरे कार्यक्रम के समन्वयक  सुनील भट्ट, जो परीक्षा पे चर्चा 2026 से संबंधित सभी गतिविधियों का समन्वय देख रहे हैं, ने कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, संकाय सदस्यों और सहयोगियों का हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम शिक्षकों और विद्यार्थियों—दोनों के लिए दिशा-निर्देशक का कार्य करते हैं और SCERT निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से शैक्षिक संवाद को सशक्त बनाता रहेगा। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा और इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को विद्यालयों तक पहुँचाया जाएगा, ताकि विद्यार्थी परीक्षा को भय नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ स्वीकार कर सकें।

x