Friday, November 20, 2026

एनसीईआरटी के राष्ट्रीय सम्मेलन में SCERT उत्तराखण्ड के डॉ. राकेश गैरोला ने प्रस्तुत किया शोध-पत्र

 

विद्यालय पुस्तकालयों को डिजिटल लर्निंग और स्थानीय पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की अभिनव पहल

नई दिल्ली, 20 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT), नई दिल्ली द्वारा 19–20 नवम्बर 2026 को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय विद्यालय पुस्तकालय सम्मेलन (NCSL 2026) में एससीईआरटी उत्तराखण्ड के प्रवक्ता डॉ. राकेश चंद्र गैरोला ने विद्यालय पुस्तकालयों को डिजिटल तकनीक और स्थानीय पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर एक महत्त्वपूर्ण शोध-पत्र प्रस्तुत किया।

डॉ. गैरोला ने एनसीईआरटी के राष्ट्रीय साक्षरता केंद्र (CNCL) के डॉ. धीरज कुमार के सहलेखन में “Integrating QR Codes and Digital Mapping in School Libraries for Local Environmental Learning and Conservation” विषय पर शोध-पत्र प्रस्तुत किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत साक्षरता, डिजिटल समावेशन, नागरिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित इस सम्मेलन में देशभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, पुस्तकालय विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं ने प्रतिभाग किया।

QR कोड और डिजिटल मैपिंग से पर्यावरणीय शिक्षा को नई दिशा

शोध-पत्र में ‘School Library–Environment Digital Connection Model (SLEDCM)’ प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से विद्यालय पुस्तकालयों को केवल पुस्तकों के संग्रह तक सीमित न रखकर स्थानीय पर्यावरण, जैव विविधता, संस्कृति और संरक्षण गतिविधियों से जोड़ने का अभिनव दृष्टिकोण दिया गया।

इस मॉडल के अंतर्गत QR कोड, डिजिटल मैपिंग और जियोटैगिंग की सहायता से विद्यार्थी अपने आसपास के पेड़-पौधों, पक्षियों, जल स्रोतों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों की पहचान कर उनका डिजिटल दस्तावेजीकरण कर सकेंगे। पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों और मानचित्रों को डिजिटल सामग्री से जोड़कर विद्यार्थियों को अनुभवात्मक, गतिविधि-आधारित और खोजपरक अधिगम के अवसर प्रदान किए जा सकेंगे।

शोध-पत्र में विद्यालय पुस्तकालयों में ‘पर्यावरण एवं स्थानीय भूगोल कोना’ स्थापित करने, QR-सक्षम शिक्षण संसाधन विकसित करने तथा विद्यालय परिसर का डिजिटल जैव विविधता मानचित्र तैयार करने की संस्तुति की गई।

डॉ. गैरोला ने इस बात पर विशेष बल दिया कि डिजिटल तकनीक विद्यार्थियों को प्रकृति से दूर करने के बजाय प्रकृति के और निकट लाने का माध्यम बननी चाहिए। यह अवधारणा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 तथा UNESCO के Green School Quality Standard के उद्देश्यों के अनुरूप है। विशेष रूप से उत्तराखण्ड जैसे जैव विविधता से समृद्ध पर्वतीय राज्य में यह मॉडल स्थानीय पर्यावरणीय ज्ञान, डिजिटल साक्षरता और संरक्षण चेतना को विकसित करने में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।

बन्दना गर्ब्याल, निदेशक, अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण, उत्तराखण्ड तथा  पद्मेन्द्र सकलानी, अपर निदेशक, एससीईआरटी उत्तराखण्ड ने इस नवाचारी शोध-पत्र की सराहना करते हुए इसे विद्यालयी शिक्षा में डिजिटल नवाचार और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल बताया।

यह शोध विद्यालय पुस्तकालयों को पुस्तकीय ज्ञान से वास्तविक जीवन के अनुभवों तथा डिजिटल अधिगम से पर्यावरण संरक्षण की ओर ले जाने की एक सार्थक पहल प्रस्तुत करता है।