Thursday, September 05, 2024

उत्तराखण्ड राजभवन में शिक्षक दिवस पर "शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार" वितरण समारोह का आयोजन

 

शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित "शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार" वितरण समारोह में माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सम्मानित शिक्षकों और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उत्तराखंड के विभिन्न शिक्षकों को उनके योगदान के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सचिव शिक्षा, महानिदेशक बंशीधर तिवारी, निदेशक बन्दना गर्ब्याल के अलावा अन्य अधिकारी भी समारोह मे अपनी गरिमामयी उपस्थिति के साथ मौजूद रहे। 

राज्यपाल ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि हमारे समाज और देश के भविष्य को संवारने में शिक्षकों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए हम शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने और शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी समावेश पर जोर दे रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने इस अवसर पर सरकार की उन योजनाओं का भी उल्लेख किया, जो न केवल विद्यार्थियों बल्कि शिक्षकों के उत्थान के लिए भी चलाई जा रही हैं। राज्यपाल ने शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों और शिक्षिकाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सम्मान समारोह ने शिक्षकों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपने कार्यों में नई ऊर्जा और प्रेरणा देने का कार्य किया है।

शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सूची निम्नलिखित है:

प्राथमिक शिक्षा के शिक्षक:

  1. नफीस अहमद - राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय कोटद्वार, पौड़ी
  2. कुसुम लता गढ़िया - चमोली
  3. कुसुम चौहान - उत्तरकाशी
  4. सुमन चमोली - देहरादून
  5. कंचन बाला - टिहरी गढ़वाल
  6. अरुणा नौटियाल - रुद्रप्रयाग
  7. खड़क सिंह बोरा - चंपावत
  8. नरेंद्र गिरी - बागेश्वर
  9. भावना पलडिया - नैनीताल
  10. चंद्रशेखर जोशी - पिथौरागढ़
  11. राम सिंह - अल्मोड़ा

माध्यमिक शिक्षा के शिक्षक:

  1. दौलत सिंह गोसाई - पौड़ी
  2. राजेंद्र कुमार - हरिद्वार
  3. प्रदीप कुमार उपाध्याय - नैनीताल
  4. श्याम दत्त चौबे - चंपावत
  5. मधुसूदन मिश्र - उधम सिंह नगर
  6. निर्पेश कुमार जोशी - अल्मोड़ा
  7. डॉ. देवेन्द्र प्रसाद हरबोला - नैनीताल

विशेष सम्मान:

  1. डॉ. नारायण प्रसाद उनियाल - जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चड़ीगांव

एससीईआरटी कॉन्फ्रेंस हॉल में मनाया गया शिक्षक दिवस समारोह


05-09-2024: देहरादून; एससीईआरटी के कॉन्फ्रेंस हॉल में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अपर निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जन्म जयंती पर पुष्प माल्यपर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने  संयुक्त निदेशक कंचन देवराड़ी और सहायक निदेशक डॉ. के. एन. बिजलवाण ने भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


प्रवक्ता सुधा पैन्यूली ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हर एक व्यक्ति में शिक्षक के गुणों को गर्व का विषय बताया।

समारोह में अपर निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने विभिन्न विभागों में अनुकरणीय सेवाएं देने वाले संकाय सदस्यों आईटी विभाग से पुष्पा असवाल,पाठ्यक्रम विभाग से गंगा घुघत्याल, प्रशासनिक अधिकारी रावत, और सहायक निदेशक डॉ. के. एन. बिजलवाण को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।  जबकि प्रोग्राम मॉनिटरिंग से डॉ. रंजन भट्ट, शोध मूल्यांकन से दीपक प्रताप, स्कॉलरशिप से डॉ. हरीश बडोनी, प्रशासन विभाग से हरेन्द्र बर्तवाल,  को मौके पर नहीं होने के कारण मोमेंटों नहीं दिए जा सके। इसके अलावा, अपर निदेशक ने अन्य कई संकाय सदस्यों और अधिकारियों के सेवा योगदान की सराहना की।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान शिक्षक संघ ने पदोन्नति जैसे मुद्दों पर अपनी नाराजगी भी व्यक्त की। इसी बीच, माध्यमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के पिता के आकस्मिक निधन की खबर से कार्यक्रम की ऊर्जा और उल्लास में कमी आ गई। स्वर्गीय पिता की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर सभी ने अपनी श्रद्धांजलि दी।


    अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण उत्तराखंड निदेशक, बंदना गर्ब्याल ने भी शिक्षक दिवस पर सभी को         शुभकामनाएं दीं और निदेशक माध्यमिक अजय नौडियाल के पिता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त             किया। इस अवसर पर एससीईआरटी के सभी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।