Monday, August 25, 2025

एनसीईआरटी प्रयास योजना 2025-26 : विद्यार्थियों में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने का सुनहरा अवसर

एससीईआरटी उत्तराखंड सभी विद्यालयों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अनुरोध करता है कि वे इस योजना में अधिकाधिक भाग लें और विज्ञान व गणित अनुसंधान को नई दिशा दें।

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT)

प्रयास: प्रमोशन ऑफ रिसर्च एटीट्यूड इन यंग एंड एस्पायरिंग स्टूडेंट्स

आवेदन आमंत्रण

विज्ञान और गणित शिक्षा विभाग (DESM), NCERT भारत में विज्ञान और गणित शिक्षा के विकास एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसी क्रम में प्रयास योजना 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं, जो विद्यालयी शिक्षार्थियों में अनुसंधान कौशल और वैज्ञानिक अन्वेषण को प्रोत्साहित करने की एक अभिनव पहल है।

यह कार्यक्रम कक्षा IX से XI तक के विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला और गणित (STEM) क्षेत्रों में, शिक्षकों और उच्च शिक्षा संस्थानों (HEIs) के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में, शोध करने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएँ:

  • प्रत्येक परियोजना हेतु ₹50,000 तक का अनुदान

  • HEI विशेषज्ञों द्वारा मेंटरशिप।

  • STEM अनुसंधान के माध्यम से वास्तविक समस्याओं का समाधान।

  • एक वर्ष की अनुसंधान अवधि।

महत्वपूर्ण तिथियाँ:

  • आवेदन की अंतिम तिथि: 31 अगस्त, 2025

  • परियोजना प्रारंभ होने की तिथि: 16 अक्टूबर, 2025

विस्तृत विवरण एवं आवेदन हेतु लिंक:

https://ncert.nic.in/desm/pdf/PRAYAAS_2025-26.pdf

नारा: युवा प्रतिभाओं को नवाचार और खोज के लिए सशक्त बनाना!

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT)
श्री अरविंदो मार्ग, नई दिल्ली – 110016
वेबसाइट: ncert.nic.in

Tuesday, August 19, 2025

उत्तराखण्ड परख 2024 रिपोर्ट पर राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक

 

देहरादून, अगस्त 2025

निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण, बन्दना गर्ब्याल के निर्देशन में परख 2024 उत्तराखंड रिपोर्ट पर एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, डाइट प्राचार्य एवं खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार द्वारा जारी परख रिपोर्ट के आंकड़ों पर गहन विश्लेषण करना और आगे की रणनीति तय करना रहा।


मीटिंग की शुरुआत:

  • बैठक का शुभारंभ डॉ. बिजलवान द्वारा प्रतिभागियों के स्वागत से हुआ।शोध विभाग से डॉ. दीपक प्रताप ने परख रिपोर्ट पर विस्तृत प्रस्तुति दी और सभी दक्षताओं के हाई एवं लो इंडिकेटर पर चर्चा की। इसी क्रम मे आईटी विभाग से रमेश बडोनी ने रिपोर्ट का ओवरऑल परफॉरमेंस समरी, contextual variables, outcomes, insights और एक्शन प्लान टाइमलाइन साझा किया।

  • विशेष सहभागिता:
    इस बैठक को सफल बनाने में उपनिदेशक आकांक्षा राठोर, खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट और हिमांशु नौगई और विद्या समीक्षा केंद्र से तेज रावत एवं प्रकाश रावत ने अहम भूमिका निभाई और बैठक को ज़ूम प्लेटफॉर्म पर संचालित किया।
    साथ ही शोध मूल्यांकन विभाग से डॉ. दिनेश रतूड़ी ने भी सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभाई।


निदेशक का मार्गदर्शन

निदेशक  बन्दना गर्ब्याल ने सभी अधिकारियों को एक्शन मोड और मिशन मोड में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि:

  • आगामी सितंबर 2025 में भारत सरकार के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठक से पहले सभी जिलों को तैयारी पूरी रखनी होगी।

  • CRC/BRC और ब्लॉक स्तर पर समन्वयन को मज़बूत करना अनिवार्य है।

  • परख रिपोर्ट की कॉपी लेकर प्रत्येक जिले से नए प्लान प्रस्तुत करने और स्कूल भ्रमण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


डाइट उत्तरकाशी
के प्राचार्य  संजीव जोशी ने अपने जिले की रणनीति साझा की। डाइट रतूडा  के प्राचार्य सी.पी. रतूड़ी ने भी अपने सुधारात्मक प्लान प्रस्तुत किए।

बैठक में यह स्पष्ट हुआ कि परख रिपोर्ट केवल आंकड़ों का आकलन भर नहीं है, बल्कि यह कार्रवाई की रूपरेखा भी है। सभी जिलों से अपेक्षा की गई कि वे रिपोर्ट का गहन अध्ययन कर अपने-अपने एक्शन प्लान तैयार करें और आगामी महीनों में मूल्यांकन, मॉनिटरिंग और स्कूल स्तर पर हस्तक्षेपों को प्राथमिकता दें।

Friday, August 15, 2025

79वां स्वतंत्रता दिवस: SCERT परिसर में सादगी और संकल्प के साथ आयोजन


देहरादून, 15 अगस्त 2025 — उत्तराखंड में आई भीषण आपदा के कारण राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) परिसर में इस वर्ष 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही सादे और भावपूर्ण तरीके से मनाया गया। समारोह का संचालन प्रवक्ता सुनील भट्ट ने किया। सबसे पहले, इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का संदेश सहायक निदेशक डॉ. के.एन. बिजलवान ने पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने 21वीं सदी के कौशलों को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के लिए सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से सतत प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों का आसानी से सामना कर सकें।

इसके पश्चात, शिक्षा सचिव रविनाथ रमन का संदेश डॉ. मनोज शुक्ला ने पढ़ा। इसमें शिक्षकों और अधिकारियों से छात्रों में कर्तव्यनिष्ठा विकसित करने के लिए कठिन परिश्रम की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इसके बाद, प्रवक्ता सुधा पैन्यूली  ने महानिदेशक विद्यालय शिक्षा दीप्ति सिंह का संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर कार्य करना ही सच्चे स्वतंत्रता दिवस का अर्थ है।

प्रवक्ता अनुग्ज्ञा पैन्यूली  ने निदेशक अकादमिक शिक्षा वंदना गर्ब्याल का संदेश पढ़ा। उन्होंने SCERT द्वारा ऑनलाइन एवं डिजिटल शिक्षा, शैक्षिक गुणवत्ता कार्यक्रमों और शिक्षकों के सतत प्रशिक्षण में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला, साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए और अधिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

समारोह के अंत में अपर निदेशक एस सी ई आर टी पदमेन्द्र सकलानी ने अपने संबोधन में कहा कि “आज देश को भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों के साथ-साथ ऐसे बौद्धिकों की आवश्यकता है, जो अपने ज्ञान से भारत का परचम दुनिया में लहरा सकें।” उन्होंने शिक्षकों के प्रशिक्षण, रोचक कक्षा-शिक्षण, और प्रेरणादायी सामग्री निर्माण की महत्ता पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए कुछ प्रेरक संस्मरण सुनाए, जिससे सभा में उत्साह और जागरूकता का संचार हुआ।

अंत में, सभी संकाय सदस्यों को जलपान कराया गया और स्वतंत्रता दिवस का यह सादा परंतु प्रेरक आयोजन संपन्न हुआ।