Wednesday, September 02, 2026

सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव ने किया मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 का परिणाम घोषित


मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राज्य के 370 परीक्षा केंद्रों पर दिनांक 07 जुलाई 2026 को दो स्तरों—जूनियर स्तर (कक्षा 6) एवं माध्यमिक स्तर (कक्षा 9)—के लिए आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा के परिणाम आज दिनांक 02 सितम्बर 2026 को सचिव, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखण्ड ज्योति यादव आई.ए.एस. द्वारा घोषित किए गए। 

जूनियर स्तर (कक्षा 6) जूनियर स्तर की परीक्षा में कुल 34,634 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिनमें से 3,468 छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति हेतु चयन किया गया। बागेश्वर जनपद के विकासखण्ड कपकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, रतिघेती के छात्र हार्दिक कोरंगा ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वरीयता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चम्पावत जनपद के चम्पावत विकासखण्ड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, मंच की छात्रा करिश्मा ने 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऊधमसिंह नगर जनपद के विकासखण्ड सितारगंज स्थित गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा अमृता राणा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
माध्यमिक स्तर (कक्षा 9) माध्यमिक स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा में कुल 40,679 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिनमें से 4,072 छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति हेतु चयन किया गया। ऊधमसिंह नगर जनपद के विकासखण्ड सितारगंज स्थित गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा ज्योति राणा ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वरीयता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की दो अन्य छात्राओं वैष्णवी एवं गुंजन ने क्रमशः 87.5 प्रतिशत एवं 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वरीयता सूची में क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। 

निदेशक, अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण, उत्तराखण्ड,  बंदना गर्ब्याल ने बताया कि उक्त परीक्षा में विकासखण्ड स्तर पर सम्मिलित परीक्षार्थियों में से 10 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति हेतु किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6 में ₹600, कक्षा 7 में ₹700, कक्षा 8 में ₹800 तथा कक्षा 9 एवं 10 में ₹900 प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 

छात्रवृत्ति परीक्षा में मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन प्रासांकों की वरीयता के आधार पर किया गया है। अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्र-छात्राओं को चयन में 5 प्रतिशत अंकों का अधिमान प्रदान किया गया है।

परीक्षा परिणाम एवं चयन सूची- समस्त छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम एवं चयन सूची एस.सी.ई.आर.टी. उत्तराखण्ड के छात्रवृत्ति पोर्टल https://scholarshipscert.uk.gov.in/ पर उपलब्ध है। छात्र-छात्राएं अपना परीक्षा परिणाम एवं चयन की स्थिति पोर्टल पर रोल नंबर तथा जन्म तिथि अंकित कर देख सकते हैं।


https://scholarshipscert.uk.gov.in/#/view-result

ऑनलाइन देखें अपना परिणाम

विद्यार्थी SCERT Uttarakhand Scholarship Portal पर अपना रोल नम्बर और जन्मतिथि दर्ज कर परीक्षा परिणाम तथा चयन की स्थिति देख सकते हैं।

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा परिणाम देखें

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान करने, उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को सम्मान देने तथा आगे की शिक्षा के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है। SCERT उत्तराखण्ड की ओर से सभी चयनित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालयों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।

https://scholarshipscert.uk.gov.in/#/view-result