Saturday, November 28, 2026

एससीईआरटी, उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन पर विशेष जागरूकता अभियान

 

मॉक ड्रिल के माध्यम से शिक्षकों एवं बच्चों को सिखाए गए बचाव के व्यावहारिक उपाय

देहरादून, 28 नवम्बर। उत्तराखण्ड जैसे आपदा-संवेदनशील राज्य में आपदाओं के प्रति जागरूकता, सतर्कता एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखण्ड द्वारा विशेष आपदा प्रबंधन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से सुरक्षित निपटने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।

आपदा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आग लगने तथा भूकंप जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्क एवं व्यवस्थित तरीके से कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वयं को सुरक्षित रखने तथा दूसरों की सहायता करने के प्रभावी तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।

आग लगने की स्थिति में भवन से सुरक्षित निकासी, निर्धारित आपातकालीन मार्गों का उपयोग, एक-दूसरे को सचेत करना, अफवाहों एवं घबराहट से बचना तथा सुरक्षित स्थान पर एकत्रित होने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का अभ्यास कराया गया। वहीं भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली "झुको, ढको और पकड़े रहो (Drop, Cover and Hold)" तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि भूकंप के दौरान लिफ्ट का उपयोग नहीं करना चाहिए तथा झटके रुकने के बाद ही सावधानीपूर्वक खुले एवं सुरक्षित स्थान की ओर जाना चाहिए।

इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड विज्ञान महोत्सव के दौरान भी एससीईआरटी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ द्वारा विशेष जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया गया। पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को उत्तराखण्ड में घटित होने वाली विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रस्तुतीकरण में उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़, बादल फटना, हिमस्खलन, वनाग्नि तथा ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) जैसी आपदाओं के कारणों, संभावित प्रभावों तथा बचाव संबंधी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा जोखिम को कम करने के लिए समय रहते चेतावनी प्रणालियों की जानकारी, सुरक्षित स्थानों की पहचान, स्थानीय स्तर पर तैयारी तथा सामुदायिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी की भी समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में नियमित मॉक ड्रिल, आपातकालीन निकास मार्गों की स्पष्ट जानकारी, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तथा बच्चों में आपदा संबंधी जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है।

इस संपूर्ण अभियान का संचालन राज्य समन्वयक  पदमेन्द्र सकलानी एवं राज्य सह-समन्वयक  विनय थपलियाल के नेतृत्व में किया गया। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की ओर से  भुवनेश पंत एवं  मनोज शुक्ला ने तकनीकी प्रस्तुतिकरण, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि आपदाओं को हमेशा टाला नहीं जा सकता, किन्तु सही जानकारी, पूर्व तैयारी, सतर्कता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उनसे होने वाली जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

एससीईआरटी, उत्तराखण्ड का यह प्रयास विद्यालयी शिक्षा को व्यवहारिक आपदा प्रबंधन से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक सुरक्षित, सजग और आपदा-प्रतिकारक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।