Thursday, April 16, 2026

13वीं राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ

स्थान: डॉल्फिन इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज, मांडुवाला

तिथि: 16 अप्रैल 2026, देहरादून

13वीं राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अप्रैल 2026 को देहरादून स्थित डॉल्फिन इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज, मांडुवाला में हुआ। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन द्वारा बंदना गर्ब्याल, विनोद कुमार ढोंडियाल और अरविंद गुप्ता ने किया। मुख्य अतिथि प्रो. दुर्गेश पंत थे, जबकि डॉ. के.एन. बिजल्वाण, डॉ. अवनीश उनियाल और डॉ. मनोज कुमार शुक्ला भी उपस्थित रहे।

इंस्पायर अवार्ड – मानक कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थी अपने मौलिक विचार ऑनलाइन प्रस्तुत करते हैं जिनका मूल्यांकन राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्थान (NIF) द्वारा किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

मुख्य अतिथि प्रो. दुर्गेश पंत ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल ने प्रदेशभर से आए 129 बाल वैज्ञानिकों का स्वागत किया और डॉल्फिन इंस्टीट्यूट का आभार व्यक्त किया।

एडिशनल डायरेक्टर के.एस. रावत ने विज्ञान, अंधविश्वास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. ज्ञानेंद्र अवस्थी ने संस्थान के शैक्षिक प्रयासों को रेखांकित करते हुए “लर्न टू अर्न” को संस्थान का मूल मंत्र बताया। बंदना गर्ब्याल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 13 जनपदों से चयनित 129 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन NIF से आए वैज्ञानिकों डॉ. दीप्ति जगूड़ी, डॉ. पारस, डॉ. संध्या, डॉ. राकेश जुगरान, सुनील जोशी और सुनील अग्रवाल ने किया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत प्रमुख मॉडलों में स्मार्ट फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम, एंटी-ड्रोन रडार सिस्टम, इंप्योरिटी डिटेक्शन कप, ड्रग डिटेक्ट नेल पॉलिश, कन्वर्टिबल फैन, थ्री-लेयर डोरमैट, रूट प्लकर और एलिवेटर शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में जिलाध्यक्ष सुभाष झलडियाल, डी.एस. रौतेला, सुधीर भारती, शैलेश कुमार श्रीवास्तव, दिनेश चंद्र नौटियाल, रिचा जुयाल, संजय मौर्य, सरदार दलजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार सहगल, आशीष डबराल, दिगंबर सिंह नेगी, पवन शर्मा, वीरेंद्र रावत, नरेश कोटनाला, राजीव अग्रवाल, स्मिता सेमवाल, स्वाति गुसाईं, सारिका सिरोही, रमन कुमार, कविता रावत, विजय द्विवेदी और राकेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।