Tuesday, April 21, 2026

ई-कंटेंट निर्माण में दक्षता: उत्तराखंड में सफल PM e-VIDYA कार्यशाला

उत्तराखंड के देहरादून स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड में PM e-VIDYA DTH चैनलों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय अभिमुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल युग के अनुरूप ई-कंटेंट निर्माण में दक्ष बनाना था, ताकि वे छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें।

कार्यशाला में राज्य के विभिन्न जनपदों, DIET संस्थानों और विद्यालयों से आए 55 शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की। उद्घाटन सत्र में CIET-NCERT से जुड़े विशेषज्ञों ने PM e-VIDYA पहल के महत्व और डिजिटल शिक्षा की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

द्वितीय दिवस पर प्रो. दिनेश प्रसाद सकलानी और प्रो. अमरेन्द्र प्रसाद बेहरा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट निर्माण पर विशेष मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्क्रिप्ट लेखन, वीडियो रिकॉर्डिंग, कैमरा फेसिंग, वॉयस मॉड्यूलेशन एवं वीडियो एडिटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे प्रभावी और छात्र-केंद्रित डिजिटल कंटेंट तैयार कर सकें।

अंतिम दिवस में प्रतिभागियों द्वारा तैयार वीडियो का मूल्यांकन किया गया तथा कॉपीराइट, लाइसेंसिंग एवं डिजिटल कंटेंट के नैतिक उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर SCERT उत्तराखंड के अपर निदेशक पदमेंद्र सकलानी और सहायक निदेशक डॉ. कृष्णानंद बिजलवाण ने इस पहल को राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यशाला के सफल संचालन में रमेश बड़ोनी, पुष्पा असवाल, शिव प्रकाश वर्मा, विनय उनियाल, अतुल कठेत, हिमानी भट्ट, विनोद चौहान, सौरव जोशी, तथा श्रेय  का विशेष योगदान रहा।