देहरादून में SCERT Uttarakhand परिसर में 16 अप्रैल 2026 से “PM eVIDYA 200 DTH TV Channels” के अंतर्गत 5 दिवसीय अभिमुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम CIET NCERT और SCERT उत्तराखण्ड के संयुक्त सहयोग (Joint Collaboration) से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर SCERT उत्तराखण्ड के अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी ने सभी अतिथियों एवं CIET टीम का स्वागत करते हुए कार्यशाला का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में PM eVIDYA के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा पहुँचाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर अभय कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर, CIET) ने PM eVIDYA के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। साथ ही, बाइजेक (BISAG-N) के निदेशक द्वारा PM eVIDYA पर एक तकनीकी प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिससे प्रतिभागियों को प्रसारण और कंटेंट डिलीवरी की प्रक्रिया को समझने में सहायता मिली।
कार्यक्रम का संचालन राज्य समन्वयक पुष्पा असवाल द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर अपर निदेशक मेहरबान सिंह बिष्ट तथा उपनिदेशक अजीत भण्डारी भी मंच पर उपस्थित रहे और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यशाला में उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें आईटी टीम के सदस्य भी शामिल रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को स्टूडियो रिकॉर्डिंग, कंटेंट निर्माण, और DTH चैनलों के प्रभावी उपयोग से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक अजीत भण्डारी द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।