Friday, March 07, 2025

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर SCERT में सम्मान एवं अभिनंदन समारोह


देहरादून, 7 मार्च: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर SCERT के ऑडिटोरियम में एक गरिमामयी सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर निदेशक (अकादमिक, शोध एवं प्रशिक्षण) बंदना गर्ब्याल ने अपनी पूज्य माताजी के साथ कार्यक्रम में शिरकत की। परिषद में कार्यरत सभी महिला संकाय सदस्य, प्रदेश की शिक्षिकाएं तथा अन्य महिलाओं का हर्षोल्लास के साथ अभिनंदन किया गया।


अपने प्रेरणादायक संदेश में निदेशक बंदना गर्ब्याल ने महिलाओं को अपने अधिकारों और प्राप्त अवसरों पर गर्व करने के बजाय स्वाभिमानी बनने की अपील की। उन्होंने अपनी माताजी को आत्मीयता के साथ मंच से नमन किया और अपने जीवन व करियर में माता-पिता की अमूल्य भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने अपनी मातृभाषा 'रं' में महिला शक्ति पर काव्य वाचन किया, जिससे पूरे सदन में ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ।


प्रशंसा और सम्मान के भाव

कार्यक्रम के मंच संचालक डॉ. अवनीश उनियाल ने निदेशक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य एवं देश में शिक्षा की गुणवत्ता और सद्भाव का स्तर अनुकरणीय रहा है। इस अवसर पर प्रदेशभर से आईटी विभाग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही शिक्षिकाओं ने भी महिला सम्मान और शक्ति पर अपने विचार प्रस्तुत किए।


शिक्षिका अरुणिमा  शर्मा ने महिलाओं की शक्ति को एक शेरनी की उपमा देते हुए प्रेरणादायक वृतांत साझा किए, जिससे सभी उपस्थितजन प्रभावित हुए। वहीं, सुनील भट्ट, विनय थपलियाल, डॉ. मनोज शुक्ला, भुवनेश पंत, कमलेश आदि ने महिला सम्मान एवं उनके प्रति सजीवता और आदर बनाए रखने पर जोर दिया। 

डॉ. साधना डिमरी ने वैदिक काल की महान विदुषी मैत्रेयी के संदेश का संस्कृत में वाचन कर एक नई प्रेरणा दी। इस दौरान उपनिदेशक शैलेश श्रीवास्तव एवं परिषद के संकाय सदस्यों ने निदेशक एवं उनकी माताजी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, परिषद के पुरुष संकाय सदस्यों द्वारा सभी महिला शिक्षिकाओं और संकाय सदस्याओं को पुष्प अर्पित कर अभिनंदन किया गया।


इस आयोजन ने न केवल महिला सशक्तिकरण की भावना को प्रबल किया, बल्कि समाज में महिलाओं के योगदान और उनकी गरिमा को सम्मान देने का संदेश भी दिया।