देहरादून | 05 सितम्बर 2026
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखण्ड द्वारा 07 सितम्बर 2026 को राज्य के समस्त राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होने वाले दक्षता आधारित आकलन (Competency-Based Assessment) की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज विद्या समीक्षा केंद्र (VSK), उत्तराखण्ड के माध्यम से राज्य के सभी जनपदों के शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के लिए PRAGATI Bot पर आकलन प्रक्रिया एवं डेटा अपलोड से संबंधित ऑनलाइन अभिमुखीकरण आयोजित किया गया।
PRAGATI Bot पर आकलन प्रक्रिया की दी गई जानकारी
अभिमुखीकरण का संचालन प्रोग्राम मॉनिटरिंग विभाग, SCERT उत्तराखण्ड की ओर से डॉ. के. एन. बिजलवाण एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा किया गया। ऑनलाइन प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न जनपदों से BRP, CRP, DIET फैकल्टी, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, नामित नोडल अधिकारी, शिक्षक एवं SCERT के सदस्य जुड़े।
अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी द्वारा बताया गया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि 07 सितम्बर 2026 को दक्षता आधारित आकलन संपन्न होने के बाद कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों के विषयवार प्रदर्शन एवं वास्तविक अधिगम स्थिति का डेटा व्यवस्थित एवं सही रूप में दर्ज किया जा सके।
विद्या समीक्षा केंद्र के सदस्यों द्वारा प्रतिभागियों को विस्तार से समझाया गया कि SwiftChat App Platform पर उपलब्ध PRAGATI Bot से मोबाइल के माध्यम से किस प्रकार जुड़ना है, संबंधित कक्षा एवं विषय का चयन कैसे करना है तथा आकलन के बाद विद्यार्थियों की प्रश्नवार/दक्षतावार जानकारी किस प्रकार दर्ज एवं अपलोड करनी है।
केवल अंक नहीं, वास्तविक दक्षता की पहचान
इस आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अंक प्रदान करना नहीं, बल्कि यह जानना है कि बच्चे ने अपेक्षित दक्षताओं को वास्तव में किस सीमा तक प्राप्त किया है और किन क्षेत्रों में उसे अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता है।
कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित विषयों के आधार पर प्राप्त आकलन डेटा से विद्यार्थियों की विषयवार एवं दक्षतावार प्रगति को समझने में सहायता मिलेगी। इसके आधार पर कमजोर दक्षताओं की पहचान करते हुए विद्यालय एवं शिक्षक Remedial Teaching की कार्ययोजना तैयार कर सकेंगे।
यह प्रक्रिया विद्यालय स्तर से प्राप्त आकलन डेटा को एक डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है, जिससे भविष्य में विद्यालय, विकासखंड, जनपद एवं राज्य स्तर पर विद्यार्थियों की अधिगम प्रगति के विश्लेषण एवं अनुश्रवण को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
Step-by-Step Video Tutorial भी उपलब्ध
शिक्षकों एवं नोडल अधिकारियों की सुविधा के लिए एक विस्तृत वीडियो ट्यूटोरियल भी तैयार किया गया है। इसमें Grade-wise और Subject-wise PARAKH Assessment को Vidya Sameeksha Kendra Uttarakhand के PRAGATI Bot तथा SwiftChat App के माध्यम से पूरा करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई है।
वीडियो में ऐप/प्लेटफॉर्म से जुड़ने से लेकर संबंधित कक्षा एवं विषय के चयन, विद्यार्थी के आकलन की जानकारी दर्ज करने और आवश्यक डेटा अपलोड करने तक की प्रक्रिया तथा महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।
PRAGATI Bot – Grade-wise & Subject-wise PARAKH Assessment Video Tutorial देखें
07 सितम्बर को राज्यव्यापी दक्षता आधारित आकलन
निदेशक अकादमिक बन्दना गर्ब्याल ने सभी को निर्देश दिए कि 07 सितम्बर 2026 को प्रातः 9:00 से 10:00 बजे तक आयोजित होने वाले इस आकलन में कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों की वास्तविक अधिगम स्थिति का आकलन किया जाएगा। प्रश्न MCQ एवं Reading Comprehension आधारित होंगे। आकलन के उपरांत प्राप्त परिणामों के आधार पर कमजोर दक्षताओं की पहचान, आवश्यक Remedial Teaching तथा आगे की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इस पूरी प्रक्रिया में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक एवं नामित नोडल अधिकारी विद्यालय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जबकि BRP/CRP, DIET एवं संबंधित शिक्षा अधिकारी विद्यालयों को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग एवं अनुश्रवण प्रदान करेंगे।