Tuesday, January 27, 2026

SCERT में e-Office के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभिमुखिकरण कार्यशाला

देहरादून। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) उत्तराखंड में आज एक बार फिर e-Office प्रणाली के उन्मुखीकरण (Orientation) एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र SCERT के फैकल्टी सदस्यों एवं आधिकारिक स्टाफ के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य परिषद में e-Fileing की प्रक्रिया को सरकारी निर्देशों के अनुरूप पूर्ण रूप से प्रारंभ करना था।

इस उन्मुखीकरण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र का संचालन ITDA (Information Technology Development Agency) के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को e-Office प्रणाली के प्रमुख घटकों—जैसे e-File, डिजिटल नोटिंग-ड्राफ्टिंग, फाइल मूवमेंट, डिजिटल सिग्नेचर तथा पारदर्शी और समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन अभ्यास के माध्यम से फैकल्टी और स्टाफ को स्वयं e-File बनाने एवं आगे बढ़ाने का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र का अवलोकन निदेशक अकादमिक, बंदना गर्ब्याल द्वारा किया गया। उन्होंने e-Office को शासन की डिजिटल गवर्नेंस पहल का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे न केवल कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता आएगी, बल्कि निर्णय प्रक्रिया भी तेज होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को e-Office प्रणाली को आत्मसात करते हुए दैनिक कार्यों में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।

यह प्रशिक्षण सत्र SCERT उत्तराखंड को पेपरलेस, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम कार्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और ठोस पहल साबित हुआ। परिषद द्वारा निकट भविष्य में e-Office के पूर्ण क्रियान्वयन के साथ शासन के डिजिटल इंडिया विजन को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।